बारिश के बीच पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा की तैयारी पूरी, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिया निर्देश
पश्चिमी सिंहभूम, 11 जुलाई । 12 जुलाई को आयोजित होने वाली पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी सिलसिले में शनिवार को जिला समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक और ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि चाईबासा शहर के तीन परीक्षा केंद्रों पर पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें कुल 1,585 अभ्यर्थी शामिल होंगे। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को परीक्षा संचालन के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित होनी चाहिए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच करने और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग से जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
मानसून को देखते हुए उपायुक्त ने विशेष एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई परीक्षार्थी बारिश में भीगकर परीक्षा केंद्र पहुंचे तो उसके लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा अतिरिक्त छाता, तौलिया और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध रखी जाए, ताकि खराब मौसम के कारण किसी अभ्यर्थी को परीक्षा देने में परेशानी न हो।
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन, सुरक्षा व्यवस्था और गोपनीयता संबंधी तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों, केंद्राधीक्षकों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, ट्रेजरी ऑफिसर सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। वहीं, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक और परीक्षा कार्य में लगे अन्य पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।