News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

पुरानी रंजिश में दिनदहाड़े हत्या, जांच में जुटी पुलिस

पलामू, 27 जुलाई । पलामू जिले के पीपरा थाना क्षेत्र के मधुबाना गांव में सोमवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मधुबाना गांव निवासी प्रभु रजवार (50) के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर प्रभु रजवार पंचायत भवन के समीप बरगद के पेड़ के नीचे कुछ लोगों के साथ ताश खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का ही रमेश सिंह उर्फ तलाबू वहां पहुंचा और अचानक बलुआ से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में प्रभु रजवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, छतरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पीपरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही हत्या के पीछे के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।———–

Leave a Reply