News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

विधिक जागरूकता के साथ 105 लाभुकों में 105.94 करोड़ की परिसंपत्तियों का वितरण

पश्चिमी सिंहभूम, 26 जुलाई । झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के मार्गदर्शन में रविवार को कोल्हान विश्वविद्यालय परिसर स्थित सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वृहद विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में 13 विभागों की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 105 लाभुकों के बीच कुल 105 करोड़ 94 लाख 68 हजार 300 रुपये की परिसंपत्तियों एवं विभिन्न सरकारी लाभों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मौहम्मद शाकिर ने कहा कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य केवल योजनाओं का लाभ वितरित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और कानूनी सहायता की पहुंच सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। महिला एवं बाल अधिकार, अपराध पीड़ित प्रतिकर, डायन-बिसाही के मामलों में पात्र व्यक्ति निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और विधिक सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में उपायुक्त-सह-उपाध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन और न्यायपालिका के समन्वित प्रयासों से सरकारी योजनाओं और न्यायिक सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 100 दिनों में विक्टिम कम्पेनसेशन, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम और हिट एंड रन मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा, रक्तदान, टीबी उन्मूलन, नशामुक्ति, बाल विवाह, बाल तस्करी, मलेरिया, सर्पदंश जैसी घटनाओं के प्रति लोगों को जागरूक रहने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक-सह-सदस्य जिला विधिक सेवा प्राधिकार अमित रेणु ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक बिना संकोच डायल-112 की सहायता लें। उन्होंने साइबर अपराधों की समय पर सूचना देने, बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में समाज की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता बताई।

शिविर में विद्यालयों के लीगल लिटरेसी क्लब की चित्रांकन प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पारा विधिक स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया, जबकि जिले के नवनियुक्त मुंडा-मानकी को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

Leave a Reply