नशा तस्करों पर जयपुर पुलिस की कार्रवाई, सवा चार साै गिरफ्तार
जयपुर, 21 जुलाई । जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने मादक पदार्थों की तस्करी एवं सेवन के खिलाफ चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 72 प्रकरण दर्ज कर 428 लोगों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान 317.84 ग्राम स्मैक, 8.379 किलोग्राम गांजा, नशीले पदार्थों के सेवन में प्रयुक्त उपकरण तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई। साथ ही शहरभर में 213 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि इस अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 72 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 29 पूर्व वांछित अपराधी, 38 अन्य आरोपी, 41 स्थायी वारंटी, एक धारा 299 बीएनएसएस वारंटी और एक इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया गया। वहीं धारा 170 बीएनएसएस एवं अन्य निरोधात्मक प्रावधानों के तहत 276 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
मित्तल ने बताया कि जयपुर उत्तर जिले में 19 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 20 पूर्व वांछित अपराधी, 27 अन्य आरोपी और 35 स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी हुई। 162 लोगों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई तथा 15.16 ग्राम स्मैक और नशे के सेवन में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। यहां 56 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया और कुल 265 गिरफ्तारियां हुईं, जो सभी जिलों में सर्वाधिक रहीं।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि जयपुर पश्चिम जिले में सर्वाधिक 22 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 22 आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 285.89 ग्राम स्मैक, 537.2 ग्राम गांजा तथा करीब 87 हजार रुपये मूल्य की एमडी बरामद की। इसके अलावा चार पूर्व वांछित अपराधी और नौ अन्य आरोपिताें को गिरफ्तार कर 66 लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई। जिले में 57 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया और कुल 96 गिरफ्तारियां हुईं।
वहीं जयपुर पूर्व जिले में 17 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 17 आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 559.065 ग्राम गांजा, 9.38 ग्राम स्मैक, फॉयल पेपर और 6,330 रुपये की बिक्री राशि बरामद की। इसके अलावा पांच पूर्व वांछित अपराधी, दो अन्य आरोपी, छह स्थायी वारंटी, एक धारा 299 बीएनएसएस वारंटी और एक इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया गया। यहां 97 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया, जो सभी जिलों में सबसे अधिक रहा। अभियान के दौरान कुल 60 गिरफ्तारियां की गईं।
इसके अलावा जयपुर दक्षिण जिले में 14 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 2.448 किलोग्राम गांजा, 7.41 ग्राम स्मैक तथा नशा सेवन में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए। चार व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई तथा तीन मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया।