पेपर लीक के दोषियों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा : गौरव गौतम
चंडीगढ़, 23 जुलाई । हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक मामलों के दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का निर्णय लिया है।गुरुवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में गौरव गौतम ने कहा कि राहुल गांधी सदन में नीट पर चर्चा करने की बजाए भाग क्यों रहे हैं। राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे पर समाधान खोजने के बजाय राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार नीट और पेपर लीक जैसे गंभीर विषय पर संसद में विस्तृत चर्चा चाहती है, लेकिन कांग्रेस और राहुल गांधी चर्चा करने की बजाए देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं जो शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष के पास कोई सकारात्मक सुझाव हैं तो सरकार उनका भी स्वागत करेगी।
खेल मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी सदन में चर्चा करने के बजाय देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ लेना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं को बहला-फुसलाकर उन्हें भडक़ाने का प्रयास कर रही है, जबकि छात्रों के भविष्य जैसे संवेदनशील विषय पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
गौरव गौतम ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय शिक्षा का बजट लगभग 8,225 करोड़ रुपये था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बढ़ाकर लगभग 1.49 लाख करोड़ रुपये किया गया। उन्होंने कहा कि देशभर में एम्स, आईआईटी, मेडिकल कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की संख्या में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है। कॉमनवेल्थ खेलों को लेकर पूछे गए सवाल पर गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा देश का खेल पावर हाउस है।