News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

हिमाचल में जून में सामान्य से 36 फीसदी कम बारिश, वर्ष 1901 के बाद 44वां सबसे कम बारिश वाला महीना

शिमला, 03 जुलाई । हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 5 दिन देरी से 30 जून को दस्तक दी है। मानसून के आगमन में हुई देरी से जून का महीना सामान्य से काफी सूखा रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शिमला स्थित मौसम केंद्र की मासिक रिपोर्ट के अनुसार जून 2026 में प्रदेश में सामान्य से 36 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। पूरे महीने में प्रदेश में 101.1 मिलीमीटर सामान्य वर्षा के मुकाबले केवल 64.9 मिलीमीटर बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 1901 से अब तक के रिकॉर्ड में यह जून का 44वां सबसे कम बारिश वाला महीना रहा। वहीं जून महीने में सबसे अधिक 252.7 मिलीमीटर वर्षा वर्ष 1971 में दर्ज की गई थी।

रिपोर्ट के अनुसार जून के दौरान प्रदेश में कई दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। अधिकांश दिनों में मानसून पूर्व गतिविधियां कमजोर से सामान्य रहीं, जबकि 5, 12 और 13 जून को मौसम की गतिविधियां सक्रिय रहीं। महीने के दौरान 12 जून को सोलन जिले में और 29 जून को ऊना तथा मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई।

जिलावार वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो मंडी जिले में सबसे अधिक 115.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। दूसरी ओर लाहौल-स्पीति जिले में सबसे कम 19.6 मिलीमीटर बारिश हुई। वर्षा में कमी के लिहाज से भी लाहौल-स्पीति सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां सामान्य की तुलना में 59 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार जून के दौरान केवल ऊना, शिमला और किन्नौर जिलों में सामान्य श्रेणी की वर्षा हुई। प्रदेश के शेष सभी जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई, जिसके चलते अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का आंकड़ा औसत से नीचे रहा।

रिपोर्ट में ओलावृष्टि की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया है। जून के दौरान 4, 11, 15 और 21 जून को शिमला जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में ओलावृष्टि दर्ज की गई। कांगड़ा जिले में 9 जून, कुल्लू में 11 जून, किन्नौर में 15 जून तथा मंडी जिले में 15 और 24 जून को भी अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि हुई।

महीने के दौरान प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कई दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने की घटनाएं दर्ज की गईं। निचले और मैदानी इलाकों में भी कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहा।

रिपोर्ट के अनुसार 13 जून को मंडी जिले के कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा भी दर्ज किया गया। वहीं 11 जून को ऊना जिले में लू चली, जिससे वहां तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।

Leave a Reply