News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

अनूपपुर: खेत में करंट से किसान की मौत, शव के साथ विद्युत कंपनी कार्यालय घेरा, लापरवाही का आरोप

अनूपपुर, 25 जुलाई । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्या्लय में वार्ड क्रमांक 10 में शनिवार को खेत में काम कर रहे एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन एवं नगर के लोग एंबुलेंस में शव रख कर विद्युत विभाग कार्यालय लेकर पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

आरोप है कि एलटी लाइन का एक विद्युत तार, जो वर्षों से जर्जर हालत में झूल रहा था, अचानक खेत में भरे पानी में गिर गया। इससे पूरे खेत में करंट फैल गया और कमलेश पटेल उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि इस तार की खराब स्थिति को लेकर विद्युत कंपनी को पहले भी कई बार शिकायतें दी गई थीं, लेकिन कोई सुधार नहीं किया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया।

वहीं घटना और विद्युत कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने शव को एंबुलेंस से सीधे विद्युत कंपनी के कार्यालय पहुंचाया। वहां उन्होंने कार्यालय का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले में दोषी विद्युत कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की। शुरुआत में विद्युत कंपनी के कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी से बचते नजर आए। लेकिन ग्रामीणों और परिजनों के बढ़ते विरोध को देखते हुए, उन्होंने प्रावधानों के अनुरूप आर्थिक सहायता प्रदान करने और जांच के बाद दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई या एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया।

इसके बावजूद, ग्रामीण और परिजन विद्युत कंपनी के अधिकारियों से घटनास्थल का मुआयना करने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग छह साल से एलटी लाइन का तार जर्जर हालत में झूल रहा था और अनूपपुर के जेई को इस संबंध में कई बार शिकायतें की गई थीं। हाल के दिनों में घटनास्थल के पास ही एक ट्रांसफार्मर भी लगाया जा रहा था। जहां मौजूद अनूपपुर ग्रमीण कनिष्ठ अभियंता (जेई) से संबंधित तार के सुधार की मांग की गई, तो अधिकारी ने इसे अपनी नजर फेर ली। जिसका परिणाम है कि आज यह घटना घटी।

बताया जाता है कि ग्रामीणों की मांग पर शाम को विद्युत कंपनी के अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और स्थल का मुआयना किया। बाद में एसडीएम प्राची अग्रवाल ग्रामीणों को मनाने विद्युत कंपनी कार्यालय पहुंची, जहां ग्रामीण और अधिकारी के बीच आर्थिक सहायता और दोषी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चा चल रही है।

Leave a Reply