लोहे के एंगल और शटरिंग प्लेटें चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
शिमला, 19 जुलाई । शिमला के पुलिस थाना ईस्ट क्षेत्र में निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली लोहे की सामग्री चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है। चोरी की सामग्री ले जाने में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार निर्माण कार्य से जुड़े एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साइट से लोहे के एंगल, शटरिंग प्लेटें और चेक नेट प्लेटें चोरी हो गई हैं। शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस थाना ईस्ट की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की। लगातार जांच और सूचना जुटाने के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घोड़ा चौकी निवासी पवन और समरहिल के जगदीश निवासी मोनल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की गई लोहे की सामग्री बरामद कर ली है। साथ ही सामान को ले जाने में इस्तेमाल किए गए पिकअप वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का इस तरह की अन्य घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं।