देवरिया : ट्रक से 480 पेटी अवैध शराब बरामद, अंतरराज्जीय तस्कर गिरोह दो आरोपित गिरफ्तार
देवरिया, 24 जून । उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद की लार थाना पुलिस ने बुधवार काे चेकिंग के दाैरान एक ट्रक से तस्करी कर ले जाई जा रही 480 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने ट्रक समेत दो अंतरराज्यीय आरोपितों काे गिरफ्तार किया है।
अपर पलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि थाना लार पुलिस मेहरौना चेक पोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक काे राेककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। ये शराब बिहार ले जायी जा रही थी। ट्रक के साथ ओडिशा राज्य के केंद्रापड़ा निवासी शेख खालिद और मूलरूप से झारखंड चतरा निवासी शाेएब खान हाल पता जनपद गया बिहार को पकड़ा गया है। दोनों आरोपित ट्रक से अवैध शराब की खेप बिहार ले जा रहे थे, जहां शराबबंदी लागू होने के कारण मंहगे दाम में इसे बेच कर भारी मुनाफा कमाया जा सके।
एएसपी ने बताया कि दोनों के खिलाफ थाना लार में आबकारी अधिनियम की धाराओं 60 एवं 63 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक कमलेश यादव, हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव, नागेंद्र भारद्वाज, प्रदीप कुमार सौरभ, कांस्टेबल प्रकाशपति गौतम तथा आरक्षी राहुल भास्कर शामिल रहे।