News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

एमडीडीए रक्तदान शिविर में 40 यूनिट रक्त संग्रहित

देहरादून, 15 जून । मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) कार्यालय परिसर में सोमवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। शिविर में लगभग 40 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

कैलाशी देवी वेलफेयर सोसायटी और मान्या चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। आयोजकों के अनुसार एक यूनिट रक्त से तीन जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में मदद मिल सकती है।

शिविर के दौरान रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने रक्तदान को मानवता की सेवा बताते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प व्यक्त किया।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है और समय पर रक्त उपलब्ध होने से किसी व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि एमडीडीए विकास कार्यों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने शिविर की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग 40 यूनिट रक्त संग्रहित होना कर्मचारियों की सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता का परिचायक है। उन्होंने रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी।

एमडीडीए ने कहा कि भविष्य में भी जनहित और समाज कल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply