News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

टीएसपी क्षेत्र के युवाओं को राजसेस में मिले आरक्षण, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

उदयपुर, 3 जून । उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजकर राजस्थान कॉलेज एजुकेशन सोसायटी (राजसेस) की टीचिंग एसोसिएट संविदा भर्ती-2026 में अनुसूचित क्षेत्र (टीएसपी) के स्थानीय अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में टीएसपी क्षेत्र के लिए आरक्षण का कोई प्रावधान नहीं रखा गया है, जिससे स्थानीय युवाओं में निराशा है।

सांसद ने पत्र में उल्लेख किया कि अनुसूचित क्षेत्र के विद्या संबल अतिथि शिक्षक और शिक्षित युवा लंबे समय से इस मांग को उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत राज्यपाल को अनुसूचित क्षेत्रों के लिए विशेष प्रावधान लागू करने की शक्तियां प्राप्त हैं। इन्हीं प्रावधानों के आधार पर राज्य की विभिन्न सरकारी भर्तियों और शैक्षणिक संस्थानों में अनुसूचित क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को आरक्षण का लाभ दिया जाता रहा है।

डॉ. रावत ने बताया कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आयुष अधिकारी संविदा भर्ती-2025 तथा राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसायटी की संविदा भर्तियों में अनुसूचित क्षेत्र के लिए पद आरक्षित किए गए थे, लेकिन राजसेस की टीचिंग एसोसिएट संविदा भर्ती-2026 में ऐसा कोई प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने इसे विसंगति बताते हुए भर्ती विज्ञापन में तत्काल संशोधन की आवश्यकता जताई।

सांसद ने मुख्यमंत्री को सुझाव दिया कि इस विषय पर जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की राय भी ली जानी चाहिए, क्योंकि यह विभाग इस मामले का नोडल विभाग है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी से भी चर्चा हुई है और मंत्री ने इस मांग के प्रति सकारात्मक रुख व्यक्त किया है।

डॉ. रावत ने कहा कि यदि टीएसपी क्षेत्र के युवाओं को आरक्षण, अनुभव में 30 प्रतिशत अतिरिक्त वेटेज तथा आयु सीमा में 10 वर्ष की छूट प्रदान की जाती है तो इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही जनजातीय अंचल के महाविद्यालयों में अध्ययनरत लगभग एक लाख छात्र-छात्राओं को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था का लाभ मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस विषय में शीघ्र निर्णय लेकर भर्ती विज्ञापन में आवश्यक संशोधन कराने का आग्रह किया है।

Leave a Reply