ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस ने 16 दिन में की 1.31 लाख वाहनों पर कार्रवाई
जयपुर, 20 जून । प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान के तहत राजस्थान पुलिस ने 4 जून से 19 जून 2026 तक 1 लाख 31 हजार 161 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा महानिदेशक यातायात अनिल पालीवाल एवं अतिरिक्त महानिदेशक यातायात डॉ. बी.एल. मीणा के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान के दौरान शुक्रवार को अकेले 6,777 वाहनों के चालान किए गए।
डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल ने बताया कि अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों पर लगी अवैध ब्लैक फिल्म के खिलाफ की गई। 16 दिनों में 49,306 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई। वहीं 33,737 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले तथा 18,124 वाहनों पर लगे अनाधिकृत शब्द-चिह्न और लेखन हटवाकर चालान किए गए।
अभियान में 12,986 मॉडिफाइड वाहनों पर कार्रवाई की गई, जबकि 9,863 वाहनों से अवैध लाल-नीली बत्तियां, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर हटवाए गए। इसके अलावा 7,145 प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न उपयोग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
19 जून को हुई कार्रवाई में 2,348 ब्लैक फिल्म, 1,776 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 915 अनाधिकृत शब्द-चिह्न, 754 मॉडिफाइड वाहन, 592 अवैध लाल-नीली बत्ती एवं फ्लैशर तथा 392 प्रेशर हॉर्न वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एक दिन की कार्रवाई में जयपुर कमिश्नरेट का जयपुर पश्चिम जिला 520 मामलों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। इसके बाद अजमेर में 440, जयपुर ग्रामीण में 402 तथा जयपुर यातायात पुलिस द्वारा 326 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
पालीवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहनों में अवैध संशोधन एवं प्रतिबंधित उपकरणों का उपयोग नहीं करने की अपील की गई है।