मप्र में डबल इंजन की सरकार में विकास की रफ्तार भी दोगुनी है : मुख्यमंत्री मोहन यादव
भोपाल, 03 जून । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार ने बुधवार को सड़क विकास के लिए प्रदेश में दो बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी है। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है, इसलिए यहां विकास की रफ्तार भी दोगुनी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्रिमंडल के आर्थिक मामलों की समिति द्वारा मध्य प्रदेश में 4,415.60 करोड़ रुपये की लागत वाली दो सड़क निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की इस महत्वपूर्ण सौगात से प्रदेश के जनजातीय बहुल जिले बैतूल, खंडवा, खरगौन और बड़वानी के समग्र विकास को तेज गति मिलेगी। साथ ही हजारों स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई दिल्ली में बुधवार को हुई केन्द्रीय कैबिनेट की बैठक में एनएच-347बी के हिवरखेड़ी-रोशनी-आशापुर-रुधी खंड पर मौजूदा इंटरमीडिएट लेन को पक्के शोल्डर स्टैंडर्ड के साथ 2-लेन की सड़क (125.01 किमी) में अपग्रेड करने तथा एनएच-347बी के देशगांव-जुलवानिया खंड (108.643 किमी) को हाइब्रिड एन्युटी मोड अन्तर्गत 2-लेन से 4-लेन सड़क में विस्तारित करने की मंजूरी दे दी गई है। कुल 233.653 किमी लंबी इस परियोजना पर करीब 4,415.60 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस परियोजना में खरगौन जिले में 16.20 किमी लंबा एक ग्रीनफील्ड बायपास भी विकसित किया जाएगा। यह उन्नत कॉरिडोर मध्य प्रदेश में बेहतर रोड कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा और 6 पीएम गति-शक्ति आर्थिक नोड्स को जोड़ते हुए मल्टीमॉडल एकीकरण को भी बढ़ावा देगा।