News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

रेंटों मोजो कंपनी के वेयरहाउस में लगी भयंकर आग,करोड़ों का माल जलकर खाक

नोएडा, 10 जून । उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर के थाना बादलपुर क्षेत्र में स्थित रेंटो मोजो कंपनी के वेयर हाऊस में आज तड़के भयंकर आग लग गई। घटना की सूचना पाकर दमकल विभाग की 16 गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि थाना बादलपुर क्षेत्र के अंतर्गत स्थित रेंटो मोजो कंपनी में आज तड़के आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर फायर विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची। आग ने विकराल रूप धारण कर रखा था। इसको देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडर की व्यवस्था हेतु आसपास के जनपदों से फायर विभाग से समन्वय स्थापित किया गया। इसके बाद 16 गाड़ियां मौके पर पहुंची।

उन्होंने बताया कि करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया है। कूल डाउन की प्रक्रिया जारी है। सीएफओ ने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं है। आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आग से कितने का नुकसान हुआ इसका आकलन किया जा रहा है। इस घटना के चलते धूम मानिकपुर औद्योगिक एरिया में स्थित फैक्ट्री में काम करने वाले लोगों में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। उन्होंने बताया कि आग को अन्य फैक्ट्रियों में फैलने से रोका गया।

मौके पर मौजूद थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि मोहन स्वरूप हॉस्पिटल के सामने धूम मानिकपुर गांव के बिजली घर के पीछे बने रेंटो मोजो वेयरहाउस में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। उन्होंने बताया कि इस वेयरहाउस में होम अप्लायंसेज वह फर्नीचर डिलीवरी के लिए स्टोर किए जाते थे। यह कंपनी किराए पर लोगों को फर्नीचर, कंप्यूटर आदि उपलब्ध कराती है। घटना के समय वेयरहाउस में गार्ड मौजूद थे। उन्होंने बताया कि उनकी सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानी पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि वेयरहाउस में संपत्ति का काफी नुकसान हुआ है। जिस समय आग लगी थी, उस समय आंधी और तूफान चल रहा था, जिसकी वजह से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था।

Leave a Reply