News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

विश्व पर्यावरण दिवस पर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा स्वच्छता अभियान आयोजित

धर्मशाला, 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन, दिल्ली की इकाई धर्मशाला (दाड़ी) द्वारा एक विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान नगर निगम धर्मशाला द्वारा चिन्हित दो प्रमुख स्थलों फतेहपुर ब्रिज के समीप ट्रक यूनियन ग्राउंड तथा चरान खड्ड के निकट स्थित पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में चलाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संत निरंकारी मंडल कांगड़ा जोन के प्रभारी डॉ. के. सी. धीमान द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित संगत एवं स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण केवल सरकारों या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने सभी से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

इस स्वच्छता अभियान में धर्मशाला, कांगड़ा, डाढ़, मरंडा तथा बैजनाथ सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 500 से अधिक भाई-बहनों एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वयंसेवकों ने निर्धारित स्थलों पर फैले प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर उनके उचित निस्तारण में सहयोग दिया। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया।

संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा समय-समय पर समाज कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, वृक्षारोपण तथा स्वच्छता जैसे विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह विशेष अभियान भी उसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा, जिसका उद्देश्य समाज में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply