News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित चचेरा भाई गिरफ्तार

पश्चिमी सिंहभूम, 18 जून ।

जिले के कराईकेला पुलिस ने एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के दौरान आरोपित ने पीड़िता को भय दिखाकर चुप रहने की धमकी दी थी। पुलिस जांच के अनुसार कराईकेला थाना क्षेत्र के एक गांव में आरोपित डुबरू गगाराई (20) ने बहला-फुसलाकर नाबालिग को अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपित पीड़िता का रिश्ते में चचेरा भाई बताया जा रहा है। घटना के बाद उसने पीड़िता को डराने के लिए और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी।

धमकी से भयभीत पीड़िता ने अंततः परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने कराईकेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्यारे हसन ने त्वरित छापेमारी कर 24 घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरी जांच तेज कर दी है।

इधर, पुलिस ने पीड़िता को चाईबासा सदर अस्पताल भेजकर मेडिकल जांच करवाई। साथ ही सीआरपीसी की धारा 164 के तहत पीड़िता का कोर्ट में बयान दर्ज कराया गया है। गुरुवार को थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में तुरंत और सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply