News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

टंडावाड़ी में फिर फटी धरती, रातों-रात भू-धंसान से दहशत

बाघमारा के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत टंडावाड़ी के कर्मकार टोला में एक बार फिर भू-धंसान की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीती देर रात अचानक जमीन धंसने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। खनन प्रभावित इस क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सुरक्षित पुनर्वास की मांग तेज हो गई है।

टंडावाड़ी के कर्मकार टोला में देर रात अचानक जमीन धंसने की घटना सामने आई। सुबह होते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। भू-धंसान के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय महिला साबो कमीन का कहना है कि इलाके में पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला खनन के कारण जमीन के अंदर लगातार खाली जगह बनने से भू-धंसान की घटनाएं बढ़ रही हैं। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों और बीसीसीएल प्रबंधन को दिए जाने के बावजूद अब तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

स्थानीय रोहित कर्मकार ने प्रशासन और बीसीसीएल से मांग की है कि खतरे वाले क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित किया जाए। उनका कहना है कि हर दिन डर और अनिश्चितता के बीच जीवन बिताना पड़ रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई बड़ा हादसा होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बीसीसीएल और संबंधित अधिकारियों की होगी।

Leave a Reply