रामगढ़ में एसआईआर के लिए 7.55 लाख वोटर तक पहुंचेंगे बीएलओ : डीसी
रामगढ़, 29 जून । जिले में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य का दूसरा चरण शुरू हो गया है। अब बीएलओ सीधे रामगढ़ और बड़कागांव विधानसभा के कुल 7.55 लाख मतदाताओं के घर पहुंचेंगे और उन्हें एन्यूमरेशन फॉर्म देंगे। बड़कागांव विधानसभा में कुल 3 लाख 90 हजार 873 और रामगढ़ विधानसभा में 03 लाख 64 हजार 582 मतदाता हैं। वोटर के नाम से भेजे गए इस फॉर्म को भरकर मतदाता अपनी गणना कराएंगे। यह बातें सोमवार को रामगढ़ डीसी ऋतुराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही।
उन्होंने बताया कि एसआईआर का क्वालीफाइंग डेट 01 अक्टूबर 2026 है। इसकी तैयारी और प्रशिक्षण 20 जून से 29 जून तक चले। इसके बाद बीएलओ सीधे मतदाताओं के घर पहुंचेंगे। 30 जून से 29 जुलाई तक यह कार्य चलेगा, जिसमें गणना पत्र भरकर जमा किया जाएगा। इस दौरान किसी भी मतदाता से किसी भी प्रकार का कोई दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।
डीसी ने बताया कि 30 जून को बूथ लेवल ऑफिसर बीएलओ अपने मतदान केंद्र पर मौजूद रहेंगे। वे उन मुख्य बातों को पढ़ेंगे, इससे मतदाता अपने गणना पत्र को भरने में सक्षम होंगे। साथ ही उन्हें पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी देंगे।
डीसी ऋतुराज ने बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का प्रचार सोशल मीडिया पर भी किया जाएगा। जिले के तमाम अधिकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एसआईआर के लिए जारी किया गया पोस्ट अपने फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, थ्रेड, यूट्यूब पर अपलोड करेंगे। इसके अलावा प्ले स्टोर से ईसीआईनेट ऐप डाउनलोड कर मतदाता अपने बारे में बता सकते हैं। साथ ही वोटर डॉट ईसीआई डॉट को डॉट आईएन वेबसाइट पर भी लॉगिन कर मतदाता अपने बारे में बता सकते हैं। विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए वीडियो और फोटोग्राफ सोशल मीडिया पर अपलोड कर इसका व्यापक प्रचार कर सकते हैं ताकि क्षेत्र का हर मतदाता खुद को इस अभियान में शामिल कर सके। इसके अलावा जिले में जागरूकता वाहन भी लगातार घूम रहा है जो एसआईआर के बारे में जानकारी दे रहा है।
डीसी ने बताया कि बड़कागांव विधानसभा के लिए ईआरओ डीसीएलआर दिप्ती प्रियंका कुजूर और 23 रामगढ़ विधानसभा के लिए ईआरओ एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की को बनाया गया है। इसके अलावा असिस्टेंट इलेक्टरल रजिस्ट्रेशन ऑफीसर में शामिल अधिकारियों का नाम और नंबर भी जारी कर दिया गया है। मतदाता सीधे अपनी परेशानी उनसे साझा कर सकते हैं।