बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला आरोपित अमित गुर्जर गिरफ्तार
धौलपुर, 02 जून । जिले के बाडी कसबे के सराफा व्यापारी से बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगने तथा जान से मारने की धमकी के आरोपित अमित गुर्जर को बाडी थाना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित अमित गुर्जर ने बड़ी चालाकी एवं शातिर तरीके से दूसरे का मोबाइल उपयोग कर खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन बताते हुए सराफा व्यापारी को रंगदारी एवं जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस की तीन टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं मानवी इनपुट के आधार पर रंगदारी की धमकी देने वाले मुलजिम अमित को चिन्हित कर आरोपी को मात्र 48 घंटे में गिरफ्तार किया। करीब तीन पूर्व शादी के गहने बनवाने के लिए दिए गए एडवांस रूपयों की वापसी के संबंध में आरोपी और सर्राफा व्यापारी का विवाद हुआ था।
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि 29 मई को मोहनलाल मित्तल निवासी छपेटी पाडा बाडी थाना कोतवाली बाडी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सुबह 9 बजकर 15 मिनट बजे प्रार्थी के मोबाईल नंबर पर किसी अज्ञात बदमाश व्यक्ति द्वारा धमकी भरा फोन आया कि आज से तेरे उल्टे दिन शुरू हो गए। या तो 20 लाख रूपये चौथ बसूली के दे दो नहीं, तो तुझे व तेरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे। इसके कुछ देर बाद में अज्ञात व्यक्ति का दूसरा फोन आया जिसमें भी धमकी देकर कहा कि तुझसे 20 लाख रूपये चौथ वसूली और रूपये नहीं देने पर जान से मारने की सुपारी मिली हुई है। अगर तूने 20 लाख रूपये चौथ वसूली के नहीं दिये तो अंजाम बुरा होरा। इस पर बाडी थाना कोतवाली में मुकदमा नंबर 165/2026 धारा 308(5) बीएनएस में दर्ज कर अनुसंधान किया गया। इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया। बाडी थाना कोतवाली प्रभारी देवेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपी द्वारा घटना मे प्रयोग किये गये मोबाईल नम्बर की जांच की गई एवं आरोपी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई संदिग्ध स्थानों पर दबिश की गई। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं मानवीय इनपुट की सहायता से आसूचना संकलन कर आरोपी अमित गुर्जर निवासी बडा मानपुर थाना कोलारी जिला धौलपुर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से प्रकरण में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से की गई प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि करीब तीन माह पूर्व शादी के गहने बनवाने के लिए दिए गए एडवांस रूपयों की वापसी के संबंध आरोपी और सराफा व्यापारी के बीच में विवाद हुआ हुआ था। इसी के चलते आरोपी अमित द्वारा अपने ही गांव के लडके सुमन कुमार का मोबाइल लेकर व्यापारी से रंगदारी की मांग की गई थी। इस प्रकरण के संबंध में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।