भीषण सड़क हादसे में महिला समेत तीन की मौत
नोएडा, 04 मई । थाना दादरी क्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल्स एक्सप्रेसवे के कट पर साेमवार काे एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना सूरजपुर क्षेत्र में हुई एक अन्य दुर्घटना में एक युवक की माैत हुई है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि भीलवाड़ा राजस्थान का रहने वाला एक परिवार वैगनआर कार से राजस्थान से बनारस जा रहा था। ये लोग सोमवार को गंगा एक्सप्रेसवे पकड़ने के लिए जैसे ही ईस्टर्न पेरीफेरल्स कट दादरी के पास पहुंचे, तभी आगे चल रहे ट्रक से उनकी कार टकरा गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में कारसवार विवेक 30 वर्ष, राम 32 वर्ष तथा महिला ममता 29 वर्ष की मौके पर मौत हो गई, जबकि कारसवार एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि बच्ची खतरे से बाहर है। पुलिस ने शवों काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मौके से पुलिस ने ट्रक और कार को हटाकर यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया है। ट्रक चालक फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में थाना सूरजपुर क्षेत्र में साेमवार काे हुए सड़क हादसे में शनि सिंह पुत्र तेज सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम जैतपुर की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ बाइकसवार से कहीं जा रहे थे। यूनीटेक हैबिटेट समिति के पास उनकी बाइक का अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में शनि सिंह की मौत हो गई। जबकि उसका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।