‘सरगुजा 30’ प्रवेश परीक्षा में ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के 188 विद्यार्थियों ने दिखाया दम
अंबिकापुर, 23 मई । छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में प्रतिभावान विद्यार्थियों को निशुल्क और उच्चस्तरीय शिक्षा देने के उद्देश्य से संचालित ‘सरगुजा 30’ परियोजना के लिए प्रवेश परीक्षा शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कलेक्टर अजीत बसंत के निर्देश और जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश झा के मार्गदर्शन में आयोजित इस परीक्षा में जिले के दूरस्थ ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के 188 मेधावी छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित इस परीक्षा के जरिए कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं (गणित व जीव विज्ञान संकाय) में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा को पूरी तरह राष्ट्रीयस्तर के मानकों पर रखा गया था, जिसमें वरिष्ठ विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। तीन घंटे की इस परीक्षा में गलत उत्तरों के लिए ‘माइनस मार्किंग’ (ऋणात्मक अंक) का भी प्रावधान था।
गौरतलब है कि ‘सरगुजा 30’ पिछले तीन वर्षों से जिले के सरकारी स्कूल के बच्चों के लिए एक वरदान साबित हो रही है। इस महत्वाकांक्षी शैक्षणिक पहल के तहत चयनित विद्यार्थियों को ऐतिहासिक शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में न केवल निःशुल्क उत्कृष्ट शिक्षा दी जाती है, बल्कि उनके रहने और खाने-पीने का पूरा खर्च जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से उठाया जाता है।
योजना का लाभ लेने के लिए छात्र का सरगुजा जिले के किसी शासकीय स्कूल में पढ़ना अनिवार्य है। इस पूरी परीक्षा को पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में जिला शिक्षा विभाग की टीम सहित सरगंवा, सेदम, अजिरमा, रामपुर, कत्तकालो और डूमरडीह के प्राचार्यों और ‘सरगुजा 30’ के समर्पित शिक्षकों ने नोडल अधिकारियों के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई।