मंदसौरः पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में संपन्न हुआ शोध पत्र प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम
मन्दसौर, 12 मई । मध्य प्रदेश के मंदसौर स्थित प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के स्टडी क्लब के तत्वावधान में संचालित शोध पत्र प्रस्तुतीकरण श्रृंखला के अंतर्गत मंगलवार को महाविद्यालय के नचिकेता सभागार में एक ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चरणों में पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। प्रथम सत्र में क्रीड़ा विभाग के राजू कुमार ने द सोशल इम्पैक्ट आफ स्पोर्ट विषय पर अपना शोध प्रस्तुत किया। अपनी प्रस्तुति में उन्होंने आवासीय एवं गैर-आवासीय खिलाड़ियों पर किए गए सर्वेक्षण के निष्कर्ष साझा किए। उन्होंने बताया कि पश्चिमी देशों में खेल और शिक्षा समानांतर रूप से आगे बढ़ते हैं, जबकि भारत में अभी इस दिशा में बेहतर समन्वय की आवश्यकता है। उन्होंने भारतीय एवं पश्चिमी खेल संस्कृति के मध्य अंतर स्पष्ट करते हुए स्पोर्ट्स टूरिज्म की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। साथ ही भारत के ओलंपिक एवं अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में अपेक्षित सफलता प्राप्त न कर पाने के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संरचनात्मक कारणों का विश्लेषण प्रस्तुत किया।
द्वितीय सत्र में भौतिकशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अशोक पाटीदार ने ह्लएस्ट्रोफिजिक्स एंड कोल्ड प्लाज्मा एप्लीकेशंस एंड फ्यूचर आस्पेक्ट्सह्व विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि कृत्रिम रूप से प्लाज्मा का निर्माण किस प्रकार किया जाता है तथा इसके गुण, विशेषताएँ एवं विभिन्न क्षेत्रों में इसके अनुप्रयोग क्या हैं। उन्होंने जेफ्री जीन्स सिद्धांत के माध्यम से तारों के निर्माण की प्रक्रिया को सरलता से समझाया। साथ ही आरोरा जैसी प्राकृतिक घटनाओं, अंतरिक्षीय परिघटनाओं तथा मानव जीवन एवं वैज्ञानिक अनुसंधान में प्लाज्मा के उपयोगों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। यह कार्यक्रम शोध, ज्ञान-विनिमय एवं बहुआयामी चिंतन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।