News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

खेत में पानी जाने के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को लाठी से पीटा, ईलाज के दौरान मौत

फतेहपुर, 23 मई । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में खेत में पानी चले जाने के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को लाठी से पीट-पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान शनिवार को घायल छोटे भाई की मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए फरार हत्यारोपी भाई की तलाश कर रही है।

कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ममरेजपुर गांव निवासी कमल सिंह राजपूत(39) कल शाम को खेत में पानी लगाने गया था, सिंचाई के दौरान पानी बड़े भाई अनिल कुमार राजपूत के खेत में चला गया। इस बात को लेकर दोनों भाईयों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अनिल ने लाठी से कमल सिंह को पीटना शुरू कर दिया। ताबड़तोड़ हमले में कमल को गंभीर चोटें आई। मामले की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझा बुझा कर मामला शांत कर दिया। उसके बाद घायल कमल राजपूत को लेकर उसकी पत्नी ममता अस्पताल में भर्ती कराया जहां आज कमल की तबियत अचानक बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।

कमल की मौत से पत्नी ममता सहित 07 वर्षीय बेटी पायल, 04 वर्षीय पुत्र पवन और ढाई वर्षीय मासूम आयुष का रोरोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक की पत्नी ममता देवी ने बताया कि उसका जेठ अनिल एक महीने में तीन बार मेरे पति पर कुल्हाड़ी से हमला करने की कोशिश कर चुका था। वहीं मेरा छोटा देवर विमल सूरत में रहता है। अनिल के डर से ही देवर अपनी पत्नी को मायके छोड़ कर ही सूरत जाता है।

वहीं ग्रामीणों की माने तो साल भर पहले भी अनिल ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी भैंस को मार डाला था।

अनिल तीन भाइयों में सबसे बड़ा है लेकिन उसकी शादी नहीं हुई है। मृतक कमल और उससे छोटा भाई विमल है, जो सूरत में रहता है। अनिल अपनी मां के साथ खेत में ही घर बनाकर रहता है। तीनों भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका था। एक नलकूप है जो तीनों के हिस्से में आता है जिससे पूरी खेती की सिंचाई होती है।

थानाध्यक्ष सुमित देव पांडे ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर

लिया गया है और फरार आरोपित की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply