झूलन अनुष्ठान के साथ बिकुवादाग सहित चार स्थानों पर मंडा पूजा संपन्न
खूंटी, 02 मई । पिछले 200 वर्षों से भी अधिक समय से अनवरत जारी कर्रा प्रखंड के बिकुवादाग गांव का ऐतिहासिक मंडा महापर्व शनिवार को झूलन अनुष्ठान के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। इसके साथ ही कर्रा प्रखंड के तिलमी, तोरपा प्रखंड डोड़मा और अड़की प्रखंड के शिव मंदिर में भी मंडा पूजा धूमधाम से संपन्न हो गई।
बिकुवादाग में मंडा पूजा का आयोजन शर्मा परिवार की ओर से किया जाता है। अनुष्ठान में शामिल सभी भोक्ताओं के भोजन और वस्त्र की व्यवस्था की जाती है। इस बार मंडा मेला का आकर्षण धुवांसी, फुलखंदी जैसे अनुष्ठान तो थे ही, तमाड़ से आए छाऊ नृत्य दल ने भी अपनी प्रस्तुति से रात भर लोगों को बंधे रखा। झूलन के दौरान भोक्ताओं की ओर से बरसाए जा रहे फूलों काे पाने के लिए लोगों में होड़ मची रही।
जिन परिवारों से लोग मंडा में भोक्ता बने थे, झूलन के दौरान उस घर की महिलाएं माथे में पवित्र कलश और फूलों की माला लेकर खड़ी थी। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूला, स्लाइडर सहित काफी संख्या में अन्य साधन उपलब्ध थे। साथ ही सैकड़ों मिठाई, फल, गहने की दुकानें सजी थीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सदन गोपाल शर्मा, दिलीप शर्मा, गीता शरण शर्मा, रमाकांत शर्मा, अश्विनी शर्मा, अशोक शर्मा, बिट्टू शर्मा सहित अन्य ने योगदान दिया।