News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Jharkhand

एसडीपीओ की जांच में फर्जी चालान का खुलासा, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त

पलामू, 04 मई । जिले के हैदरनगर-जपला मुख्य पथ पर निमियादोहर के समीप स्थित कुकही संस्कार भवन के पास सोमवार को वाहन जांच अभियान के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दिव्यांश शुक्ला ने बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।

उल्लेखनीय है कि प्रशासन की ओर से क्षेत्र में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।

्र

जांच के क्रम में ट्रैक्टर चालक से परिवहन संबंधी कागजात की मांग की गई। प्रस्तुत किए गए बालू चालान की जब बारीकी से जांच की गई, तो चालान जपला-हुसैनाबाद थाना क्षेत्र का पाया गया, जबकि संबंधित ट्रैक्टर हैदरनगर थाना क्षेत्र में बालू गिरा रहा था। इससे स्पष्ट हुआ कि चालान का उपयोग निर्धारित स्थल के अतिरिक्त अन्य स्थान पर किया जा रहा था।

इतना ही नहीं, चालान में अंकित समय और तिथि भी वास्तविक परिवहन से मेल नहीं खा रहे थे। प्रथम दृष्टया यह मामला फर्जी प्रतीत हुआ, जिससे प्रशासन को राजस्व क्षति पहुंचने की आशंका हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ ने तत्काल कारवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए हैदरनगर थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ट्रैक्टर चालक से पूछताछ कर रही है और चालान जारी करने वाले स्रोत और इसमें संलिप्त अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। ताकि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply