News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

उपायुक्त और एसपी ने किया चतरा मंडल कारा का औचक निरीक्षण

उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने सोमवार को चतरा मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कारा की सुरक्षा व्यवस्था एवं बंदियों से संबंधित सभी मूलभूत सुविधाओं का गहन जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, प्रवेश एवं निकास नियंत्रण, प्रहरी तैनाती तथा कारा परिसर में साफ-सफाई की स्थिति की जांच की। इस दौरान सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता संतोषजनक पाई गई।

साथ ही सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए नियमित पेट्रोलिंग और आगंतुकों की सघन जांच के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के क्रम में बंदियों के वार्ड, भोजन व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश एवं वेंटिलेशन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लेते हुए नियमित चिकित्सकीय जांच एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कारा प्रशासन को वर्तमान व्यवस्था बनाए रखने के साथ निरंतर सुधारात्मक पहल करते रहने को कहा।

इस मौके पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।

Leave a Reply