राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने पीएचसी घासेड़ा का किया निरीक्षण
नूंह, 01 मई । हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने नूंह जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) घासेड़ा का दौरा कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने पीएचसी परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी मित्रा घोष भी उनके साथ उपस्थित रहीं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
राज्यपाल प्रो. घोष ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पीएचसी में आने वाले मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा चिकित्सा स्टाफ अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ करें।
उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। राज्यपाल ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने पीएचसी में पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
यह दौरा न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि इससे संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का संदेश मिला है।