News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

इंदौर: नीट परीक्षा आज, जिले में 57 केंद्रों पर 23,160 परीक्षार्थी होंगे शामिल

इंदौर, 03 मई । मध्य प्रदेश के इंदौर में आज रविवार 03 मई को आयोजित नीट (यूजी)2026 परीक्षा के सफल एवं सुचारू आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। नीट परीक्षा के लिए इंदौर जिले में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 23,160 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचने के लिये एआईसीटीएसएल की बसें उपलब्ध कराई जायेंगी। यह बसें प्रात: 9 बजे से बस स्टेंड एवं रेल्वे स्टेशन पर उपलब्ध रहेंगी। बसों के चार रूट बनाये गये है। बसें सांवेर, आईआईटी सिमरोल, आईआईएम एवं महू तक जायेंगी। शाम 5 बजे से परीक्षा के उपरांत बसें वापस आयेंगी। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात की सुगमता के लिये भी विशेष व्यवस्था की गई है।

सभी परीक्षा केन्द्रों पर मेडिकल स्टॉफ एवं पांच केन्द्रों पर एक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिये व्हीलचेयर आदि की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा केन्द्रों पर जनरेटर्स की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों के अभिभावकों के लिये टेंट एवं पीने के पानी की व्यवस्था केन्द्र के बाहर रहेगी।

परीक्षार्थियों से आग्रह किया गया है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी और अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर ड्यूटी मजिस्टेट तैनात किये गये है। उड़नदस्तों द्वारा भी प्रत्येक केन्द्र का भ्रमण कर सतत निगरानी रखी जायेगी।

Leave a Reply