News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

जिला केंद्रों पर पैथोलॉजी लैब और जन औषधि केंद्र खोलेगा रेडक्रास : मिगलानी

चंडीगढ़, 07 मई । हरियाणा रेडक्रास सोसायटी निकट भविष्य में जिला केंद्रों पर पैथोलॉजी लैब के साथ जन औषधि केंद्रों की स्थापना भी करेगी। हरियाणा रेडक्रास के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने विश्व रेडक्रास दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को चंडीगढ़ में यह जानकारी दी।

मिगलानी ने बताया कि हरियाणा रेडक्रास द्वारा पिछले समय के दौरान कई तरह बदलाव करते हुए सोसायटी को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष और राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष के सहयोग से जिला रेडक्रास शाखाओं में एबुलेंस सेवाओं का विस्तार करने के लिए राज्यपाल के विवेकाधीन कोष से 1.20 करोड़ रुपये का अनुदान प्रदान किया। इस अनुदान से 10 एंबुलेंस खरीदी गई,जिन्हें औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों की मदद के लिए लगाया गया है। राशन डिपो पर दिव्यांगजनों की अलग से लाइन और प्राथमिकता के आधार पर राशन वितरण की योजना को लागू किया गया है। आने वाले समय में युवा पीढ़ी को राष्ट्र सेवा के साथ जोडऩे के लिए जेआरसी और वाईआरसी गतिविधियों के आयोजन को बढ़ावा दिया जाएगा।

इसके अलावा आपदा प्रबंधन में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आपदा मित्र तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोसायटी द्वारा पांच हजार से ज्यादा रक्तदान शिविरों का आयोजन कर 3.50 लाख यूनिट रक्त एकत्रित करके जरूरतमंद लोगों की मदद की गई है। इसके अलावा बहुत जल्द जिला स्तर पर रेडक्रास की मदद से ड्राइविंग टेस्ट का आयोजन भी शुरू किया जाएगा। इसके लिए भी स्वीकृति मिल चुकी है।

Leave a Reply