News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बलरामपुर : शादी के दस दिन बाद युवक का शव पेड़ से लटका मिला, गांव में पसरा मातम

बलरामपुर, 09 मई । बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम पीपरौल में एक नवविवाहित युवक का शव अमरूद के पेड़ से लटका मिलने से गांव में शोक का माहौल है। शुक्रवार काे हुई इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान 27 वर्षीय अमित गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अमित की शादी 29 अप्रैल को हुई थी। 30 अप्रैल को दुल्हन की विदाई के बाद वह अपने घर आया था। शादी के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया।

परिवार वालों ने बताया कि गुरुवार शाम तक अमित घर में सामान्य रूप से काम कर रहा था। वह मोटरसाइकिल और कार की मरम्मत में लगा हुआ था। लेकिन सुबह करीब 6 बजे घर से लगभग 300 मीटर दूर एक अमरूद के पेड़ पर उसका शव लटका हुआ मिला। घटना की खबर फैलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतक के पिता बसंत गुप्ता ने आज शनिवार काे बताया कि परिवार को समझ नहीं आ रहा कि आखिर यह घटना कैसे हुई। उन्होंने कहा कि घर में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं थी और अमित ने भी किसी तरह की चिंता जाहिर नहीं की थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Reply