News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

धौलपुर में मगरमच्छ ने बालिका को शिकार बनाया

धौलपुर, 20 मई । पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले में चंबल नदी में एक मगरमच्छ ने एक बालिका को अपना शिकार बनाया। बुधवार दोपहर हुए इस हादसे में बालिका की मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर चंबल नदी सडक पुल के पास स्थित चंबल नदी के राजघाट इलाके में वहीं की चौदह साल की बालिका भारती अपनी मवेशियों को पानी पिलाने चंबल नदी पर गई थी। दोपहर करीब 12 बजे चंबल नदी के किनारे पर मवेशियों को पानी पिलाते समय एक भैंस पानी में उतर गई, जिसे बाहर निकालने के लिए भारती नदी में घुसी। इसी दौरान चंबल के किनारे पानी में घात लगाकर बैठे मगरमच्छ ने बालिका पर हमला कर दिया तथा वह बालिका को पानी में खींच ले गया। तभी पास में खडीं दूसरी बालिकाओं द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीण पंहुचे और बालिका की तलाश में पानी में उतर गए। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा काफी मशक्कत के बाद बच्ची को मगरमच्छ से छुड़ाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पंहुची सागरपाडा पुलिस चौकी की टीम और ग्रामीण बालिका को लेकर जिला अस्पताल पंहुचे तथा पोस्टमार्टम कराने के बाद में मृतका भारती का शव परिजनों को सोंप दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद चंबल किनारे बसे राजघाट गांव तथा पडौस के अन्य गांवों में मातम एवं दहशत का माहौल है।

Leave a Reply