News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

कैथल: हनीट्रैप कर पैसे ऐंठने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार

कैथल, 02 मई । हनीट्रैप के जरिए पैसे ऐंठने के मामले में थाना चीका पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को काबू किया है। पुलिस टीम ने वार्ड नंबर चार चीका निवासी सागर को गिरफ्तार किया है, जो वारदात में सक्रिय रूप से शामिल था। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि चीका क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है और उसकी गांव की ही एक महिला से करीब दो साल से जान-पहचान थी। दोनों के बीच सहमति से कई बार संबंध भी बने थे। 20 अक्टूबर को महिला ने उसे चीका बुलाया। वहां पहुंचने पर महिला के साथ एक अन्य महिला भी मौजूद थी, जिन्होंने उसे एक कोठी में चलने के लिए कहा।

कोठी के अंदर जाने के बाद अचानक दो युवक वहां पहुंचे और आरोप लगाया कि वह उनके घर में गलत काम कर रहा है। इसके बाद उन्होंने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की और 15 लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि पैसे न देने पर पुलिस को सौंप देंगे और वीडियो वायरल कर बदनाम कर देंगे। इस दौरान एक अन्य महिला भी वहां पहुंच गई और हंगामा करने लगी।

आरोपियों ने पीड़ित की वीडियो बना ली और मौके पर ही चार लाख रुपये की मांग की। डर के कारण पीड़ित से 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए गए, जबकि 50 हजार रुपये नकद ले लिए गए। इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर और पैसे की मांग करते रहे। मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सागर ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाई थी। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया हैै।

Leave a Reply