एसटीएफ के हत्थे चढ़ा पचास हजार का इनामी बदमाश
प्रयागराज, 05 अप्रैल । उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की प्रयागराज फील्ड इकाई ने रविवार को पचास हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया।
एसटीएफ के प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने
बताया कि गिरफ्तार इनामी बदमाश की पहचान मेरठ जिले के मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित जागृति बिहार निवासी अरुण के रूप में हुई है। वर्तमान में वह संभल जिले में अम्बेडकर कॉलोनी वार्ड नंबर 4 में रह रहा था। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ जिला अयोध्या में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वह अपने साथियों के साथ अवैध मादक पदार्थ (गांजा) की तस्करी का काम करता था और कई वर्षों से इस अवैध कारोबार में लिप्त था।
वर्ष 2023 में वह अपने साथियों के साथ उड़ीसा से अवैध मादक पदार्थ लेकर आया था, जहां अयोध्या में पकड़ा गया था। इसी मामले में थाना बीकापुर जनपद अयोध्या पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें वह फरार चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही हैं।