शिवपुरी में हाई वोल्टेज ड्रामा, 250 फीट टावर पर चढ़े प्रेमी-प्रेमिका, पुलिस ने समझाइश से उतारा
शिवपुरी, 27 अप्रैल । मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को ग्राम गणेशखेड़ा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी के साथ करीब 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। दोनों कथित रूप से आत्महत्या की मंशा से टावर पर पहुंचे थे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही तेंदुआ थाना के सहायक उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह जाट अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब 4 घंटे तक लगातार दोनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। पुलिस की सूझबूझ और धैर्य के चलते दोनों युवक-युवती सुरक्षित टावर से नीचे उतर आए।
बताया जा रहा है कि युवती के परिजन उसकी शादी उसकी इच्छा के विरुद्ध तीन दिन बाद किसी अन्य युवक से करने वाले थे, जबकि युवती अपने प्रेमी से विवाह करना चाहती थी। इसी बात से आहत होकर उसने यह खतरनाक कदम उठाया और उसके पीछे-पीछे उसका प्रेमी भी टावर पर चढ़ गया। वहीं, टावर से नीचे उतरने के बाद सहायक उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह जाट ने दोनों पक्षों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया। पुलिस की पहल पर दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए सहमत हो गए हैं।