News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

मप्रः भाजपा के स्थापना दिवस पर आज 14 जिलों में पार्टी कार्यालय का भूमिपूजन

भोपाल, 06 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का स्थापना दिवस आज सोमवार को प्रदेशभर में बूथ स्तर पर मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय में सुबह 11:15 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद प्रदेश के 14 जिलों में पार्टी के जिला कार्यालयों का भूमिपूजन एवं तीन जिलों में कार्यारंभ समारोह में वर्चुअली सहभागिता कर संबोधित करेंगे।

भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि स्थापना दिवस समारोह में वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया जायेगा। पूरे प्रदेश में मंडल स्तर पर होने वाले स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश कार्यालय में होने वाले भूमिपूजन एवं कार्यरंभ समारोह का लाइव प्रसारण होगा।

भाजपा के स्थापना दिवस पर 5, 6 एवं 7 अप्रैल को प्रदेश कार्यालय सहित प्रदेश के सभी मंडल, जिला कार्यालयों पर विद्युत साज-सज्जा, पुष्पमाला सजावट, दीपमालिका और रंगोली का आयोजन होगा। प्रदेश के बूथों पर पार्टी का झंडा फहराकर मिष्ठान वितरण किया जाएगा। इसके बाद पार्टी के इतिहास और विकास यात्रा पर उदबोधन होगा। साथ ही प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्य सम्मेलन आयोजित होंगे। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने घर पर भाजपा का झंडा फहराएंगे।

7 से 12 अप्रैल तक गांव-बस्ती चलो अभियान

7 से 12 अप्रैल तक गांव-बस्ती चलो अभियान के तहत पार्टी पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जिला पंचायत, जनपद पंचायत अध्यक्ष, महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, सभी पार्षद और पार्टी के सभी कार्यकर्ता अभियान में भाग लेंगे। इस अभियान के अंतर्गत एक विधानसभा में 50 बड़े गांवों में कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों में सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, समाज के विभिन्न वर्गों के बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य व्यक्तियों से संपर्क और उनका सम्मान, केन्द्र सरकार एवं एनडीए शासित प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply