News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बलरामपुर : निर्माण श्रमिक मृत्यु सहायता योजना, कठिन समय में परिवारों का सहारा बन रही सरकारी पहल

बलरामपुर, 28 अप्रैल । श्रम विभाग की जनकल्याणकारी योजनाएं जिले के श्रमिक परिवारों के लिए संकट की घड़ी में सहारा साबित हो रही हैं। मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत ग्राम विश्रामनगर के एक परिवार को आर्थिक संबल मिला, जिससे वे कठिन परिस्थिति से उबरने की दिशा में आगे बढ़ सके।

जनपद पंचायत बलरामपुर अंतर्गत ग्राम विश्रामनगर, पोस्ट चंद्रनगर निवासी स्वर्गीय रंजीत पात्र श्रम विभाग में सड़क कर्मकार के रूप में पंजीकृत थे और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। 24 जनवरी 2026 की रात भोजन के बाद विश्राम के दौरान 37 वर्ष की आयु में उनका अचानक निधन हो गया। इस घटना से परिवार पर जहां गहरा शोक छा गया, वहीं आर्थिक संकट भी सामने खड़ा हो गया।

परिस्थितियों के बीच श्रम विभाग की योजना परिवार के लिए सहारा बनी। रंजीत पात्र की पत्नी कनिका पात्र ने 18 फरवरी 2026 को आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत किया। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच पूर्ण की और श्रम निरीक्षक की अनुशंसा के बाद एक लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की। 28 मार्च 2026 को यह राशि सीधे हितग्राही के बैंक खाते में अंतरित कर दी गई।

मिली आर्थिक सहायता से कनिका पात्र ने न केवल तत्काल जरूरतों को पूरा किया, बल्कि अधूरे घर के निर्माण के लिए लिए गए कर्ज का भुगतान भी किया। वर्तमान में वे अपने तीन छोटे बच्चों के पालन-पोषण के साथ अधूरे मकान को पूरा कराने में जुटी हैं।

सरकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाना है, जिससे वे संकट की घड़ी में संभल सकें और आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकें। कनिका पात्र ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply