News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

लोक शिकायत निवारण कार्यक्रम का आयोजन

खूंटी, 28 अप्रैल । उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को तोरपा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में लोक शिकायत निवारण कार्यक्रम (जन सुनवाई) का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को सुलभ, पारदर्शी एवं प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नवीन चंद्र झा, अंचल अधिकारी (सीओ) पूजा बिन्हा एवं थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जमीन विवाद, प्रमाण पत्र निर्गमन सहित विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कई का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।

बीडीओ नवीन चंद्र झा एवं सीओ पूजा बिन्हा ने बताया कि इस जन सुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से अधिकतर समस्याओं का समाधान प्रखंड स्तर पर ही संभव है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे प्रत्येक मंगलवार को आयोजित इस कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी समस्याओं का शीघ्र समाधान प्राप्त करें।

वहीं थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने उपस्थित लोगों को पोक्सो अधिनियम, मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान एवं अवैध खेती के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। साथ ही डायल 112 सेवा एवं सड़क सुरक्षा नियमों की भी जानकारी दी।

इस अवसर पर सीडीपीओ पूजा कुमारी, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर अंकिता कुमारी, तपकारा थाना के एएसआई कैलाश उरांव, शागिल अमीन सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply