News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

नकली डॉक्टर के ठिकाने से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद, गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम, 15 अप्रैल । जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित गौरी शंकर रोड पर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पटनिया मुहल्ला के एक किराए के मकान से युवाओं को अवैध रूप से नशीली दवाएं बेची जा रही हैं।

सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी ने जुगसलाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मकान पर छापेमारी की, जहां से मो मुमताज अहमद (55) को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपित के पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद कीं। इनमें 74 बोतल ट्रीम ब्रॉनकॉफ-सी कफ सिरप और 770 टैबलेट निटकोर-10 शामिल हैं। जांच में पाया गया कि सिरप में कोडीन फॉस्फेट और गोलियों में नाइट्राजेपाम मौजूद है, जिनका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है। आरोपित इन दवाओं को चोरी-छिपे स्थानीय युवकों को ऊंची कीमत पर बेचता था।

इस मामले में जुगसलाई थाना में आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। छापेमारी दल में डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर, थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां, अजय यादव, कृष्ण कुमार यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

बुधवार को थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां ने बताया कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके। उन्होंने कहा कि इलाके में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply