भारत-पाकिस्तान सीमा के पास डेनमार्क का युवक गिरफतार, जांच एजेंसियां सक्रिय
बीकानेर, 05 अप्रैल । भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक खाजूवाला क्षेत्र में डेनमार्क के एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पकड़ा गया। वह करीब सात महीने पहले एक साल के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था।
पुलिस के अनुसार खाजूवाला बाजार के हॉस्पिटल रोड पर स्थानीय लोगों ने एक विदेशी युवक को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। सीमावर्ती क्षेत्र में आमतौर पर विदेशी नागरिकों की आवाजाही नहीं होने के कारण लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसआई किशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया।
थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में युवक ने खुद को डेनमार्क का निवासी बताया और कुछ सवालों के जवाब अंग्रेजी में दिए, लेकिन बाद में वह चुप हो गया। थाने लाए जाने पर युवक भावुक हो गया और रोने लगा, जिससे मामला गंभीर हो गया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी मौके पर बुलाया गया। संयुक्त रूप से पूछताछ के दौरान युवक के पास से कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई, लेकिन उसकी मौजूदगी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक के पास वैध पासपोर्ट और एक साल का वीजा है, हालांकि सीमावर्ती क्षेत्र में प्रवेश के लिए आवश्यक विशेष अनुमति उसके पास नहीं थी।
खाजूवाला क्षेत्र पाकिस्तान सीमा के बेहद करीब होने के कारण यहां विदेशी नागरिकों की एंट्री प्रतिबंधित होती है। फिलहाल पुलिस ने युवक को आगे की गहन जांच के लिए बीकानेर स्थित जॉइंट इंटरोगेशन सेंटर भेज दिया है, जहां विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां उससे हर पहलू पर पूछताछ कर रही हैं।
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक जानकारी के अभाव में इस संवेदनशील क्षेत्र तक पहुंच गया, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।