फर्जी सिपाही बनकर धौंस जमाने वाला ‘लाड़ला 420’ गिरफ्तार, वायरल वीडियो से खुली पोल
बरेली, 21 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों पर रौब झाड़ने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कंजादास गांव निवासी हसन खान के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को सिपाही बताता था। एक वायरल वीडियो ने उसकी पूरी हकीकत उजागर कर दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हसन खान अक्सर बैरियर-1 चौकी के आसपास पुलिसकर्मियों के बीच देखा जाता था। पुलिस से उसकी नजदीकियों के चलते इलाके में लोग उसे असली सिपाही समझने लगे थे। बताया जा रहा है कि वह कई बार खुद को एसओजी से जुड़ा बताकर लोगों पर धौंस जमाता था। यह मामला सामने आया जब रविवार रात एक शादी समारोह में उसकी हरकतों का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में आरोपित महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी करता नजर आया। इतना ही नहीं, वह खुद ही कार चलाते हुए वीडियो बनाकर अपमानजनक बातें रिकॉर्ड कर रहा था। वीडियो में एक दरोगा की मौजूदगी में भी उसका बेफिक्र रवैया साफ दिखाई दिया, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद विभिन्न संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग उठाई। मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा तो तुरंत सख्ती दिखाई गई निर्देश मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने, अभद्र व्यवहार करने और फर्जी वर्दी पहनकर खुद को पुलिसकर्मी बताने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपित लंबे समय से फर्जी तरीके से पुलिस वर्दी पहनकर लोगों को गुमराह कर रहा था। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
———-