कैथल :बीडीपीओ चीका पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
कैथल, 17 अप्रैल । एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) कैथल की टीम ने शुक्रवार काे कार्रवाई करते हुए बीडीपीओ चीका जगजीत सिंह को पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर आरोप है कि उसने गांव बदसुई में पंचायती भूमि पर बने मकानों पर कार्रवाई न करने के बदले यह रकम मांगी थी। दबाव बनाने के लिए बाकायदा इसका लेटर भीं जारी कर दिया था।प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव बदसुई निवासी संदीप सिंह ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसके मकानों का मामला अदालत में विचाराधीन है और कोर्ट से स्टे भी लिया हुआ है। इसके बावजूद बीडीपीओ जगजीत सिंह लगातार मकान गिराने की कार्रवाई की धमकी देकर पांच लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता के अनुसार अधिकारी ने साफ तौर पर कहा था कि अगर रकम नहीं दी गई तो जेसीबी मशीन से मकान गिरा दिए जाएंगे।शिकायत मिलने के बाद एसीबी कैथल के इंस्पेक्टर सूबे सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। योजना के तहत संदीप सिंह को रंग लगे नोट देकर बीडीपीओ के पास भेजा गया। जैसे ही संदीप ने आरोपी को पांच लाख रुपये सौंपे, टीम ने इशारा मिलते ही तुरंत छापा मारकर उसे कार्यालय में ही दबोच लिया।कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में सिंचाई विभाग कैथल के एक्सईएन गुरविंद्र दयोल मौजूद रहे। एसीबी टीम ने मौके पर ही आरोपी के हाथ धुलवाए, जिसमें पानी का रंग लाल हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी बीडीपीओ को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे अपने साथ कैथल ले जाया गया, जहां उससे आगे पूछताछ की गई। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।