News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Entertainment

‘किंग’ के एक्शन सीक्वेंस में बदलाव, दुबई की जगह मुंबई में होगी शूटिंग

शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ को लेकर नया अपडेट सामने आया है। दिसंबर 2023 में रिलीज हुई ‘डंकी’ के बाद यह फिल्म शाहरुख की अगली बड़ी पेशकश होगी, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही यह फिल्म क्रिसमस 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि इसमें सुहाना खान पहली बार अपने पिता शाहरुख खान के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का एक भव्य एक्शन सीक्वेंस दुबई में शूट किया जाना था, जिसमें सुहाना खान और अनिल कपूर शामिल होने वाले थे। हालांकि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते इस अंतरराष्ट्रीय शूट को रद्द कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह शेड्यूल 9 अप्रैल से शुरू होकर एक सप्ताह तक चलने वाला था और इसके लिए सभी आवश्यक अनुमतियां भी पहले ही ले ली गई थीं।

मौजूदा हालात को देखते हुए निर्माताओं ने कलाकारों और तकनीकी टीम की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है। अब इस एक्शन सीक्वेंस को मुंबई में ही फिल्माया जाएगा। इसके लिए विले पार्ले स्थित एक स्टूडियो में रेगिस्तानी माहौल तैयार किया जा रहा है, ताकि दुबई जैसा दृश्य प्रभाव हासिल किया जा सके।

गौरतलब है कि ‘किंग’ में शाहरुख खान के अलावा दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, जैकी श्रॉफ और जयदीप अहलावत जैसे कई बड़े सितारे नजर आएंगे। बड़े पैमाने पर तैयार हो रही यह फिल्म 2026 की सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक मानी जा रही है।

————-

Leave a Reply