हिसार: सड़क निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर उठे सवाल, धंस गई ट्रेक्टर ट्रॉली
मांग
हिसार, 27 नवंबर । जिले के हांसी क्षेत्र
के गांव रामायण में ठेकेदार द्वारा दबाई गई पाइपलाइन और उसके ऊपर डाले गए मेटेरियल
की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार को सड़क पर ट्रॉली धंसने से मार्ग
बाधित हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना किसी परमिशन के सड़क को उखाड़कर
पाइपलाइन डाली गई और इसके ऊपर बेहद कमजोर मटेरियल डालकर काम पूरा किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद
सड़क पर भरे गए पदार्थ की क्वालिटी बेहद खराब है, जिसका नतीजा ट्रॉली धंसने के रूप
में सामने आया है। इससे न केवल सड़क क्षतिग्रस्त हुई बल्कि कई घंटों तक यातायात भी
प्रभावित रहा। इस मामले में लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता उदयवीर झाझड़िया
ने साफ कहा कि उनके विभाग से किसी भी अन्य विभाग या ठेकेदार ने सड़क उखाड़ने की अनुमति
नहीं ली है। उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है और यदि किसी विभाग
या ठेकेदार ने बिना परमिशन के सड़क को क्षतिग्रस्त किया है, तो उनसे रिपेयरिंग का पूरा
खर्च वसूला जाएगा। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि इस पूरे कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदार लोगों
के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।