जींद : ढांडा खेड़ी में चार करोड़ से बनेगा नया जल घर
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा गुरूवार को जिला के विभिन्न गांवों में पहुंच कर लोगों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने गांव झांझ कलां, झांझ खुर्द, बड़ोदी, बरसोला, दरियावाला, ढांडाखेड़ी सहित दर्जन भर गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। डा. कृष्ण मिड्ढा ने विधानसभा के सभी गांवों में करोड़ों रूपये की लागत से करवाए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि बरसोला गांव में अब तक लगभग 14 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य करवाए जा चुके है। इसके अलावा गांव झांझ कलां के ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पीने की पाइप लाइन को दुरूस्त करवाया जाएगा। जलघर में नया बोर लगाया जाएगा।
इसी प्रकार गांव ढांडा खेड़ी में करीब चार करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से नया जल घर बनाया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही इस विकास कार्य के निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। डिप्टी स्पीकर ने विधानसभा क्षेत्र के लोगों द्वारा सामूहिक रूप से रखी गई बिजली, पानी, सड़क, परिवहन, लाईब्रेरी, पार्क व चौपालों के निर्माण, गलियों के निर्माण, स्कूलों में कमरे का निर्माण, सड़कों, लाइट ठीक करवाने जैसी समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।