मप्रः शहडोल जिले के अमलाई में मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी अमलाई स्थित ओरियंट पेपर मिल में माल अनलोड कर वापस जा रही थी। इसी दौरान एक डिब्बे के दो पहिए अचानक पटरी से उतर गए। लोको पायलट की सूचना पर रेलवे का तकनीकी अमला मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया। इस दौरान मालगाड़ी की रफ्तार धीमी थी, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
रेलवे के अधिकारियों के अनुसार कभी-कभी तकनीकी खामियों के कारण ऐसी घटना होती हैं। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत सुधार कार्य शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त रेल ट्रैक काफी पुराना हो चुका है, जिससे पटरियां काफी घिस चुकी हैं। संभवतः इसी कारण आए दिन यहां ऐसा हादसा हो रहा है। मिल प्रबंधन को चाहिए कि उक्त रेल ट्रैक का शीघ्र मेंटेनेन्स कराएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे कि पुनरावृत्ति न होने पाए।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि मिल प्रबंधन सही ढंग से पटरी का रखरखाव नहीं करता है और कई साल पुराने ट्रैक पर माल गाड़ियों का आना-जाना आज भी बरकरार है। जिससे आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रबंधन को इस पर जल्द सही कदम उठाना चाहिए। रेलवे के एक अधिकारी के अनुसार यह ट्रैक मिल प्रबंधन का निजी ट्रैक है।