एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज पर अखिलेश यादव का तंज,कहा भाजपा किसी की सगी नहीं
अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि भाजपाइयों की ‘दरारवादी सोच’ अब अपने गुट में भी दरार डाल चुकी है। भाजपा के सहयोगी बने धन-लोलुप लोगों को अब ये समझ आ गया है कि ‘इस्तेमाली’ पार्टी उनकी ‘माली हालत’ तो सुधार सकती है मतलब उनके ख़ज़ाने में ‘माल’ तो दे सकती है परंतु ‘मान’ कभी नहीं देगी क्योंकि भाजपा की साज़िशन चाल ही यही है कि ‘पहले इस्तेमाल करो, फिर बर्बाद करो’।
बड़े-बड़े वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सामान्य पुलिसकर्मियों को आगे करके भाजपा की अंदरूनी लड़ाई से बचना चाहते हैं। बड़े वर्चस्ववादी पुलिस अधिकारी एसी में बैठकर, बड़े भाजपाइयों के सामने अपना तो ‘यस सर-यस सर’ कर रहे हैं लेकिन सड़कों पर, भाजपा के आनुषंगिक संगी-सहयोगियों के अभद्र व्यवहार के बावजूद, अन्य कनिष्ठ पुलिसकर्मियों को ‘भाई-भाई’ कहकर हाथ जोड़ने को मजबूर कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने लिखा कि भाजपा ने अपने तथाकथित राजनीतिक सहयोगियों की जो दुर्गति की है, उससे वो अपने-अपने समाज में मुँह दिखाने लायक नहीं बचे हैं। उनको समझ नहीं आ रहा है कि अब जाएं तो जाएं कहाँ। भाजपा ने सियासी रूप से उनको बर्बाद कर दिया है। उनके हाथ-पैर ठंडे पड़ गये हैं और चेहरे ‘पीले’।