News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

मऊगंज जिला उत्तरोत्तर प्रगति की ओर अग्रसर : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल, 16 अगस्त । मध्‍य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मऊगंज जिला उत्तरोत्तर प्रगति की ओर अग्रसर है। सभी के सहयोग से लक्ष्य की पूर्ति के लिए रचनात्मक कार्य सतत जारी रहेंगे। उन्होंने विकसित मऊगंज जिला बनाने के लिए सभी से सहभागी होने की अपेक्षा की। उप मुख्यमंत्री का शनिवार को रीवा जिले में मऊगंज जिला बनाओ संघर्ष समिति हनुमना द्वारा हनुमना के हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित जिला महोत्सव कार्यक्रम में नागरिक अभिनंदन किया गया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मऊगंज जिले में विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य, सिंचाई सुविधाओं सहित अन्य कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। बाईपास, रिंगरोड तथा सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। स्वच्छ जल को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य प्रगति पर है। आने वाले समय में मऊगंज जिला पूर्ण विकसित जिले के तौर पर जाना जाएगा और इसके विकास कार्य अन्य जिलों के लिए उदाहरण होंगे। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में मऊगंज, हनुमना सहित ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केन्द्रों को सुविधा संपन्न बनाया जा रहा है। चिकित्सकों, चिकित्सकीय स्टाफ व उपकरणों की पूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जनता की आवश्यकता के लिए धन की कोई कमी नहीं है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 11 वर्षों के सुशासन काल में देश आर्थिक महाशक्ति बन रहा है। विश्व में हम तीसरे नम्बर की आर्थिक महाशक्ति बनने जा रहे हैं। उन्होंने मऊगंज के विकास के लिए विधायक प्रदीप पटेल को साधुवाद दिया जिनके प्रयासों से विकास के लिये राशि की कोई कमी नहीं हो रही है। उप मुख्यमंत्री ने मऊगंज वासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के साथ ही मऊगंज जिले की स्थापना के द्वितीय वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री शुक्ल को अभिनंदन पत्र भेंट किया गया। उप मुख्यमंत्री ने हनुमान मंदिर में भगवान के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना की।

चिकित्सालय भवन हनुमना का किया भूमिपूजन

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने हनुमना में 9 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले चिकित्सालय भवन का भूमि-पूजन किया। मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग बोर्ड निर्माण एजेंसी द्वारा 50 बिस्तरों के चिकित्सालय भवन को 11 माह में पूर्ण कर दिया जाएगा।

विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने कहा कि मऊगंज जिले की स्थापना के द्वितीय वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में इसी जिले के लाल उप मुख्यमंत्री शुक्ल की उपस्थिति गौरवपूर्ण है। उनके सहयोग से सीतापुर-हनुमना सिंचाई सुविधा, चौराघाट निर्माण, औद्योगिक क्षेत्र में देश के बड़े औद्योगिक संस्थानों द्वारा उद्योग स्थापना की स्वीकृति देने सहित अन्य विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं। यह जिला हर क्षेत्र में आने वाले समय में प्रदेश का सर्वोत्तम जिला बनेगा। नगर परिषद अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, जनपद अध्यक्ष नीलम सिंह, कलेक्टर संजय कुमार जैन, पूर्व विधायक लक्ष्मण तिवारी, समाजसेवी डॉ राजेन्द्र मिश्र सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि गणमान्य जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply