News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

शहरी जल स्रोतों के संरक्षण के लिए टास्क फोर्स की बैठक, लिए गए कई निर्णय

शहरी जल स्रोतों के संरक्षण के लिए टास्क फोर्स की बैठक, लिए गए कई निर्णय

पलामू, 15 मई (हि.स.)। पलामू जिले के शहरी जल स्रोतों के संरक्षण के लिए गठित टास्क फोर्स की बैठक गुरूवार को समाहरणालय में हुई। इसकी अध्यक्षता वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार ने की। बैठक में जल स्रोतों के संरक्षण, अतिक्रमण और प्रदूषण मुक्त करने की कार्य योजना तैयार कर प्रभावी कदम उठाने का निर्णय लिया गया। जल स्रोतों की भूमि और इसके आसपास की सरकारी भूमि पर पाये जाने वाले अतिक्रमण को हटाने के लिए कार्रवाई का निर्णय लिया गया। जलस्रोतों में ठोस और तरल अपशिष्ट पदार्थ के प्रवाह को रोकने की ठोस कदम उठाये जाने पर विमर्श किया गया।

वन प्रमंडल पदाधिकारी ने अधिकारियों को जल स्रोतों के संरक्षण, अतिक्रमण और प्रदूषण मुक्त करने को लेकर आवश्यक दिशा-निदेश दिए। वन विभाग की ओर से शहरी क्षेत्र के नदी-तालाब के किनारे खाली भूमि पर पौधारोपण करने की दिशा में वन विभाग से आवश्यक कदम उठाने के लिए आश्वस्त किया।

नगर आयुक्त-सह-प्रशासक जावेद हुसैन ने पलामू की लाइफलाइन कोयल नदी के आसपास अतिक्रमण हटाने और प्रदूषण को रोकने के लिए नाले के गंदा पानी गिरने से रोकने की योजना तैयार किये जाने की जानकारी दी। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किये गये हैं। स्वीकृत होने पर कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा। आगामी 15 दिनों के अंदर नदी के चिन्हित क्षेत्रों में बोर्ड लगवाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बड़ा तालाब और अम्बेडकर पार्क को प्रदूषण मुक्त करने के लिए जलकुंभी निकलवाकर मछली पालन एवं देखभाल के लिए मत्स्य सहयोग समिति को देने का निर्णय लिया गया। नावाटोली तालाब क्षेत्र को मत्स्य विक्रेताओं एवं स्थानीय लोगों से अवैध अतिक्रमणमुक्त कराने की व्यापक कार्य योजना तैयार किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालकों के लिए वेंडर मार्केट निर्माण की दिशा में कार्य चल रहा है। इसके बाद मत्स्य विक्रेताओं एवं स्थानीय लोगों से तालाब क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जायेगा।

गुरियाही तालाब, समदा आहर, झरना तालाब पूरी तरह से वर्षा जल पर निर्भर है। इसका सौंदर्यीकरण और गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसमें जल प्रवेश की व्यवस्था बनाए जाने के साथ-साथ तालाब को प्रदूषण मुक्त किया जायेगा।

बैठक में विश्रामपुर, हुसैनाबाद, छतरपुर नगर परिषद और नगर पंचायत के शहरी क्षेत्रों के जलस्रोतों को भी सौंदर्यीकरण, गहरीकरण एवं प्रदूषण मुक्त किये जाने को लेकर आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया गया। जलस्रोतों का अतिक्रमण मुक्त कराए जाने से संबंधी रिपोर्ट संबंधित पदाधिकारियों को सौंपने का निर्देश दिया गया। अतिक्रमण मुक्त कराये गये क्षेत्र का स्पष्ट सीमांकन कर घेराव-चारदीवारी निर्माण कराने का निर्देश दिया, ताकि दोबारा इस क्षेत्र पर अतिक्रमण होने पर आसानी से इसे चिन्हित किया जा सके।

—————

Leave a Reply