News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

कर्बला चाहरदीवारी निर्माण का विरोध, ग्रामीणों ने रोका कार्य

कर्बला चाहरदीवारी निर्माण का विरोध, ग्रामीणों ने रोका कार्य

पलामू, 7 मई (हि.स.)। जिले के तरहसी प्रखंड क्षेत्र के पकरी में कर्बला (कब्रिस्तान) चाहरदीवारी निर्माण कार्य को ग्रामीणों ने बुधवार काे भी रोक दिया है। एक विशेष समुदाय को जंगल-झाड़ी चारागाह की आम गैरमजरूआ जमीन देने का आरोप लगाया। निर्माण कार्य बंद होने पर लाभुक समिति के अध्यक्ष इमरान अहमद और सचिव मेराज अहमद ने थाना में मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। पुलिस मौके पर शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रयास कर रही है।

उल्लेखनीय है कि पकरी में खाता संख्या 83 प्लॉट नंबर 685 में कुल 60 एकड़ जमीन है। 1.4 डिसमिल जमीन पर कर्बला चाहरदीवारी निर्माण के लिए कल्याण विभाग से कार्य मिला है। इसी में कार्य लगाया गया है। इसकी प्राक्कलित राशि 24 लाख 88 हजार 800 रूपये है। इसी खाता प्लाट में 1.38 डिसमिल जमीन श्मशान घाट की है।

13 अप्रैल 2025 को सबसे पहले निर्माण कार्य लगाने पर ग्रामीणों ने बंद करा दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भूमि चारागाह है। इसमें पशु चरते हैं। चाहरदीवारी हो जाने से पशुओं का प्रवेश बंद हो जायेगा। कर्बला से सटकर श्मशान घाट की जमीन है। जिस तरह से श्मशान घाट की जमीन खुली रहती है, उसी तरह कर्बला की जमीन भी रहे।

वहीं 4 मई को निर्माण कार्य शुरू होने पर 6 मई को सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य बंद कराते हुए चाहरदीवारी का पिलर देने के लिए किए गए गड्ढे को भर दिया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खतियान में कर्बला का कोई जिक्र नहीं है। जंगल-झाड़ी जमीन है। बहुत पहले छोटा सा चबूतरा बनाकर विशेष समुदाय के लोग धार्मिक कार्य करते थे। इस पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं थी,

इधर, घटना की सूचना मिलने पर थाना से एसआई अशोक राम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध कर रहे लोगों को कागजी प्रक्रिया के तहत अपना दावा प्रस्तुत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी को भी विधि व्यवस्था खराब करने का अधिकार नहीं है।

अंचलाधिकारी बालेश्वर राम ने कहा कि इस मामले में पूर्व में अशोक सिंह, अवधेश सिंह, लालमुनि मेहता, रामनिवास कुमार, रामराज शर्मा सहित अन्य को नोटिस दिया गया था। बावजूद कागजी दावा प्रस्तुत नहीं किया गया। निर्माण कार्य जबरन रोका जा रहा है। लाभुक समिति ने इस संबंध में आवेदन दिया है। उसे थाना भेज दिया गया है। एफआइआर के बाद प्रशासनिक कार्रवाई होगी।

लाभुक समिति की ओर से बताया गया कि ग्रामीणों के जरिये बार बार सरकारी कार्य रोकने का प्रयास किया जा रहा है। यह कर्बला 10 गांव पकरी, सिकनी, सुग्गी, अरका, तरहसी, छकनाडीह सहित अन्य का है। निर्माण कार्य रोकने को लेकर थाना में आवेदन दिया गया है।

—————

Leave a Reply