News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

फतेहाबाद : टास्क पूरा करने के नाम बिजली कर्मचारी से सवा 12 लाख हड़पे

फतेहाबाद : टास्क पूरा करने के नाम बिजली कर्मचारी से सवा 12 लाख हड़पे

फतेहाबाद, 7 मई (हि.स.)। टास्क पूरा करने के नाम पर साइबर ठगों ने फतेहाबाद के एक बिजली कर्मचारी को अपने जाल में फंसाते हुए उससे सवा 12 लाख रुपये हड़प लिए। कर्मचारी को जब अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला तो उसने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने बुधवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सिंथला निवासी प्रमोद कुमार ने कहा है कि वह 33केवी बिजली घर धारसूल में एएसएसए के पद पर कार्यरत है। कुछ दिन पहले किसी ने उसे टेलीग्राम ग्रुप जिसका नाम 51 है, में जोड़ दिया। ग्रुप में उसे संदेश मिला कि अगर वह टास्क पूरा करेगा तो हर दिन 3 से 8 हजार रुपये कमा सकता है। उसके बाद उसने देखा कि गु्रप में जुड़े लोग टास्क पूरा करके कमाए हुए रुपये के स्क्रीनशॉटस डाल रहे थे। इस पर उसने गु्रप में मैसेज डालकर काम बारे पूछा। इसके बाद सिमरन अग्रवाल ने उसे मैसेज किया और पर्सनल मैसेज करने को कहा। उसके बाद उसने सिमरन अग्रवाल को मैसेज किया और काम बारे पूछा तो उसने उसके पास एक लिंक भेज दिया। जब उसने वह लिंक खोला तो उसमें उसे होटल की रेटिंग देने का टास्क दिया। उसने उसकी रेटिंग करके स्क्रीनशॉप उसके पास भेज दिया। प्रमोद ने बताया कि इसके बाद उससे उसकी सारी डिटेल मांगी गई। इस पर उसने सारी डिटेल उसके पास भेज दी। इसके बाद उसे एक मैसेज भेजा गया जिसमें सैलरी कोड था। सिमरन ने उससे कहा कि उसके पास एक टेलीग्राम लिंक भेजा है, वह लिंक खोलकर देेखे। जब उसने लिंक खोला तो आशूपावर नाम से टेलीग्राम अकाउंट खुल गया। उसने सैलरी कोड वाला मैसेज आशूपावर के पास भेज दिया। इसके बाद टास्क पूरा करने पर उसके पास 200 रुपये आए। इसके बाद 9 अप्रैल को उससे टास्क लेने के लिए 1 हजार रुपये मांगे तो उसने यह राशि भेज दी। उसके बाद उसने टास्क पूरा किया तो उन्होंने उसके पास 1480 रुपये भेज दिए। इसके बाद उक्त लोगों के कहे अनुसार उसने एक वेबसाइट पर रजिस्टर किया। इसके बाद उसे आशीष यादव नाम से टेलीग्राम अकाउंट दिया और टास्क के लिए बात करने को कहा। उसने उसे टास्क के लिए 3 हजार रुपये मांगे जोकि उसने भेज दिए। इसके बाद उसके वॉलेट में 3900 रुपये दिखाने लगा। इसके बाद उससे टास्क पूरा करने, जमा हुई राशि निकालने, गलत किए गए टास्क को सही करने, क्रेडिट स्कोर कम होने पर पैसे विदड्राल न होने, क्रेडिट स्कोर ठीक करने, उसका वॉलेट फ्रीज होने और उसे दोबारा एक्टिवेट कराने, टैक्स भरने सहित अलग-अलग बहाने उससे कुल 12 लाख 24 हजार 909 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब उसने इन लोगों से अपने पैस वापस मांगे तो उन्होंने पैसे निकलवाने के नाम पर और पैसे मांगे लेकिन उसने पैसे देने से मना कर दिया। बार-बार कहने पर भी जब उसे पैसे नहीं लौटाए गए तो उसे अपने साथ हुए फ्रॉड का पता चला और उसने इस बारे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply